Friday, December 23, 2016


कितनी ही बार हमारे दिल में  बातें अनकही रह जाती हैं और उनको बयां करने में उम्र गुज़र जाती है. हाँ ये यकीनन तय है कि जब कोई हमसे दूर  हो जाता है , चाहें रूठ कर या फिर नियति के हाथों दूसरी दुनिया में जाकर, तो शायद कहीं कुछ अधूरा सा, कोई खलिश, कोई चाह जो कह जाती है.... 

शिकवे, शिकायतें सब यहीं रह जाएँगी
मेरे जाने के बाद बस मेरी रुस्वाइयाँ रह जाएँगी
अचानक देख के किसी में मेरी कोई झलक
तेरी आँखों में मेरी याद की खामोशियाँ रह जाएँगी
और जब तारों से बातें करते हुए बंद हो जाएँगी पलकें
तेरी रातों में मेरी महक की परछाईयाँ रह जाएँगी
यकीन मानो, शिकवे, शिकायतें सब यहीं रह जाएँगी
तो बस याद न करना कभी मुझे दिल को थाम कर
नहीं तो तेरी मेरी साँसों में तन्हाईयाँ रह जाएँगी
मेरे जाने के बाद बस मेरी रुस्वाइयाँ रह जाएँगी.....




Monday, October 17, 2016

कुछ तेरी मेरी बातों की यादें अब भी बाकी हैं


जब भी आईने के सामने खड़े होते हैं, तोह उम्र की बारीकियां चेहरे पर साफ़ नज़र आती हैं, पर जाने क्यों उन बदलावों से डर नहीं लगता, वहशत नहीं होती , बस एक हलकी सी मुस्कराहट चेहरे पर आ जाती है क्योंकि उस एक पल में एहसास होता है की हमने ज़िन्दगी को जीते जीते कितने मुकाम हासिल कर लिए, कितने रिश्तों को जी लिया और कितना ठहराव से उनको निभाना आ गया।  
हाँ नमी अब भी आँखों में जल्दी आ जाती है, हंसी आज भी बेवजह निकल जाती है, अपनों से रूठने की आदत में आज भी हम ही हार जाते हैं पर कुछ अपनों के संग पल बिताने की लालसा ज्यादा हो गयी है, पता है की  सादगी और शर्म अब भी लिबास से गयी नहीं है पर फिर भी शख्सियत में एक संजीदगी आ गयी है। और यही ठहराव अक्सर मुझसे कहता है... 


कुछ धड़कन पीछे छूट गयीं, कुछ सासें अब भी बाकी है
कुछ तेरी मेरी बातों की यादें अब भी बाकी हैं....

कुछ लड़कपन पीछे छूट गया, कुछ बचपन अब भी बाकी है
कुछ खेलो में, हार जीत का फैसला अब भी बाकी है ....

कुछ शिकवे पीछे छूट गए, कुछ शिकायतें अब भी बाकी हैं
कुछ दरमियाँ आई दूरी का मिटना अब भी बाकी है...   

कुछ मौसम पीछे छूट गए, कुछ पत्झढ़ अब भी बाकी हैं

कुछ जीते जीते मरने की इच्छा अब भी बाकी है...

कुछ एहम पीछे छूट गया, कुछ समर्पण अब भी बाकी है
कुछ खुदा के आगे सजदे में झुकना अब भी बाकी है .....

कुछ तेरा आना बाकी है, कुछ मेरे जाना बाकी है
कुछ तुझमे-मुझमे एक दूजे का हिस्सा अब भी बाकी है...